Saturday, April 8, 2017

महिला दिवस....

महिला दिवस
आज खूब कशीदे कढ़े जाएंगे
महिलाओ के त्याग, तपस्या, सहनशीलता पर
भावनाओ का बाजार गर्म रहेगा...
पर क्या सच में ममत्तव पर
अधिकार केवल नारी का ही है?
इतिहास साक्षी रहा है
अपवाद जीवन के हर क्षेत्र में  है
जरुरी नहीं हर नारी में नारीत्व हो
जरुरी नहीं हर पुरुष में पुरुषत्व हो
बात तो सिर्फ अहसासों की है
बात तो सिर्फ सार्थकता की है
बात तो सिर्फ मानवीयता की है
तो फिर नारी को ही
विज्ञापितता की आवश्यकता क्यों?
धन्य हूँ ऎसे नर की नारी हूँ मैं
जिस नर में माँ की ममता
पिता का स्नेह है उसमें
प्रियसी के प्रेम का आलिंगन है
आखिर क्यों न हो
क्योकि सृष्टि के हर कण में
बहता 'पवन' है जो....
      संतोष शर्मा











ये कदापि नहीं...

आदर या सम्मान का अर्थ ये कदापि नहीं
कि मैं कमजोर हूँ
अगर हूँ सामने नतमस्तक तो ये कदापि नहीं
कि मैं अवसादग्रस्त हूँ
अगर देती हूँ  प्रत्त्युतर तो ये कदापि नहीं
कि असहिष्णुता है मुझ में
हर एक इंसान संघर्षों का पर्याय है
उन्ही में से हर एक ख़ास है
हर एक को अपनी खासियत बनाये
रखने का अधिकार है
और ये तुम्हारी आदत नहीं विश्वास है 'संतु'
                     संतोष शर्मा




'नज़रिया'

'नज़रिया' क्या हो तुम?
एक मापदंड जो बताता है
तस्वीर तुम्हारी...
ये मापदंड बदल जाता है
जब तस्वीर हो मेरी..
बचपन में एक ख्याल दिमाग में
उमड़ता था मेरे
क्या ऐसा हो सकता है
जो मुझे लाल दिखता हो
दूसरो के लिए सफेद हो?
और अपने ही 'नजरिये' से
अपने ही रंग को
संशय में डाल देती..
इसी 'नजरिये' के भ्रम में
कुछ भी निश्चित नहीं हो पाता..
आज अहसास होता है 'संतु'
तुम्हारा संशय करना
कोई गलत न था..
आखिर 'नजरिया' ही तो
निश्चित करता है
रंग 'लाल' है या 'सफेद'?
संतोष शर्मा 'संतु'


Monday, November 28, 2016

तुम....

ऎसे ही सदियाँ बीत जायेगी
पर तुम यूँ ही
जवानी की दहलीज पर रहोगे
तुम्हारे अपने
बचपन, तरुण और जीवन की
अंतिम संध्या तक होंगे
पर तुम्हारा मुखमंडल हमेशा
तरुणाई के अठखेलियों से
देदीप्तयमान रहेगा।
समय तुम्हारे लिए
रुक चुका है
तुम्हारी उम्र ने तुम्हे
बाँध लिया है
कोई नहीं देख सकता
तुम्हारे चेहरे पड़ती झुर्रियां
क्योकि तुम तो खुद एक
वक्त बन चुके हो।
फिर भी एक इन्तजार है
शायद तुम भी
अपनो के साथ, अपनो की तरह
जीवन की राहों से गुजरोगे
और तुम्हे फिर कोइ वक्त
नहीं बाँध पायेगा....

रिश्ते

न कोई रिश्तों को नाम दो
और न ही पालो अहसासों को
ज्यों ही बिखरता है वो रिश्ता
तड़फ उठता है दिल
बेमानी सी हो जाती है दुनिया।

सब कुछ होते हुए भी
क्यों वह अनजानी सी कमी
खटकती रहती है हर पल
जिसको पाने की मृगतृष्णा में
बेमानी सी हो जाती है दुनिया।

पर वाह री 'संतु'
तुम भूल रही हो इस बार
जो अहसास जन्म लेते है
उनका चले जाना भी शाश्वत है
और यही है तेरी दुनिया।

संतोष शर्मा 'संतु'



‌

Tuesday, December 8, 2015

Monday, December 17, 2012

क्यों


उदासी क्यों बैचेन कर देती है,
उदासी क्यों मायूस कर देती है,
ये सब तो मेरी संगिनी हैं,
फिर क्यों ये दुश्मन बन जाती है.

खुशी क्यों उत्साहित करती है,
जोश क्यों प्रोत्साहित करता है,
ये सब तो मेरे दुश्मन है,
फिर क्यों ये दोस्ती निभाते हैं.

तुम क्यों घिरी रहती हो इनसे,
तुम क्यों जलती हो इनसे,
ये सब तो जीवन के पहलू हैं,
फिर क्यों परेशान होती हो इनसे.

संतोष शर्मा